जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, 55 से अधिक प्रकरणों पर अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल की भी हुई समीक्षा, पेयजल, पुनर्वास, सड़क, वन एवं राशन कार्ड से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नई टिहरी, 27 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासन को जनसामान्य के प्रति अधिक संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार (जनता दर्शन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में 55 से अधिक आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, खाद्य आपूर्ति, टिहरी बांध परियोजना, भूमि संबंधी विवाद एवं अन्य जनहित के विषय प्रमुख रहे।
सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल की समीक्षा
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन तथा जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों का समाधान किया जा चुका है, उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर अपडेट किया जाए।
उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने रखीं समस्याएं
जनता दरबार में विकासखंड जौनपुर की ग्राम पंचायत लामकांडे के प्रधान दिनेश सिंह रावत ने तहसील धनोल्टी की पट्टी सकलाना स्थित चुनारी गाड़ नाले से उत्पन्न हो रहे खतरे एवं आवश्यक सुरक्षा कार्यों की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मदन दास, निवासी बटवालधार (धनोल्टी) ने चंबा–मसूरी फल पट्टी क्षेत्र में अवैध पट्टों को नियमित कर पंजीकृत लीज प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भूमि खरीद, पेयजल और पुनर्वास से जुड़े मामलों पर कार्रवाई के निर्देश
ग्राम पंचायत कोट की प्रधान ममता भट्ट ने शिकायत की कि सहखातेदारों एवं ग्राम प्रधान की सहमति के बिना कुछ लोगों द्वारा भूमि क्रय की जा रही है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए तहसीलदार को निर्देशित किया।
धीरज, निवासी रोलाकोट (प्रतापनगर) ने टिहरी बांध परियोजना से संबंधित प्रतिकर एवं विस्थापन का मामला उठाया, जबकि अखिलेश, निवासी रोलाकोट ने टिहरी बांध प्रभावित परिवारों को देहरादून जनपद में आवंटित कृषि एवं आवासीय भूमि पर निर्मित भवनों के नक्शों की स्वीकृति में छूट दिए जाने का अनुरोध किया।
अंत्योदय राशन कार्ड और पेयजल समस्या पर त्वरित निर्देश
प्रतापनगर की निवासी सीता देवी ने अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ दिलाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं साहिमा, निवासी बौराड़ी ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को शीघ्र समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण से पेयजल स्रोत प्रभावित होने का मामला उठा
ग्राम पंचायत पाली की प्रधान जयसुरी देवी ने धोनाबागी–चावलखेत–नई टिहरी मोटर मार्ग पर मिट्टी डंपिंग के कारण ग्राम पंचायत के पेयजल स्रोत को हो रहे नुकसान की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, चंबा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आपदा के दौरान बादल फटने से अखोड़ी खाले में क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग भी रखी, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मरोड़ा पुल खाद्य गोदाम में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
सीता मनवाल, सदस्य जिला पंचायत, जौनपुर ने मरोड़ा पुल स्थित खाद्य आपूर्ति गोदाम में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक के नियमित रूप से उपस्थित न रहने का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
