राजकीय मेडिकल कॉलेज को जिला मुख्यालय के निकट स्थापित करने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने इडियां क्षेत्र के बजाय नई टिहरी के समीप मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का किया आग्रह
नई टिहरी, 27 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
प्रस्तावित राजकीय मेडिकल कॉलेज, टिहरी के स्थान को लेकर जनपद में चल रही चर्चाओं के बीच सोमवार को जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को इडियां क्षेत्र के बजाय जिला मुख्यालय नई टिहरी के निकट स्थापित किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि जिला मुख्यालय के निकट मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से जनपद के अधिकाधिक लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही जिला चिकित्सालय सहित पहले से उपलब्ध स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक आधारभूत संरचना का भी प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि जिला मुख्यालय में सड़क, परिवहन, प्रशासनिक सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने के कारण मेडिकल कॉलेज का संचालन अधिक सुगमता एवं प्रभावशीलता के साथ किया जा सकेगा। उन्होंने सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित परियोजना के स्थान पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का निर्णय दीर्घकालिक जनहित, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया जाना चाहिए।
ज्ञापन प्राप्त करने के उपरांत जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन नियमानुसार मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
