जाजल क्षेत्र में आयोजित हुआ होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर, 56 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग, चिकित्सकों ने योग, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर किया जागरूक
टिहरी गढ़वाल, 21 मई 2026 | SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर तहसील अंतर्गत ग्राम सभा ओडाड़ा (जाजल क्षेत्र) में बुधवार को होम्योपैथी विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. बेला महार शाह, डॉ. डिंपल रावत एवं फार्मेसी अधिकारी महेश बडोनी द्वारा किया गया।
प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 56 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें अधिकांश महिलाएं शामिल रहीं।
ग्रामीणों को दी गई स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी
शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार की बीमारियों का परीक्षण कर मरीजों को आवश्यक होम्योपैथिक औषधियां वितरित की गईं।
चिकित्सकों ने ग्रामीणों को योग, स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली तथा नियमित दवा सेवन के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर कई बीमारियों से बचाव संभव है।
ग्रामीणों ने की सराहना
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर के प्रति उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।
कार्यक्रम में बुद्धी प्रकाश, श्वेता नेगी सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनहित को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
