टिहरी: चिकित्सा एवं बहुउद्देशीय शिविरों में 17 हजार से अधिक लाभार्थी, 4.34 लाख की बिक्री
टिहरी, 1 अप्रैल 2025: राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर टिहरी जनपद में ‘जन सेवा’ थीम पर आयोजित चिकित्सा एवं बहुउद्देशीय शिविरों में 17 हजार से अधिक लोगों ने लाभ प्राप्त किया।
9 दिनों में 4.34 लाख रुपये की बिक्री
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 22 से 25 मार्च तक जनपद मुख्यालय नई टिहरी और 23 से 30 मार्च तक समस्त ब्लॉक मुख्यालयों पर शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा 17,292 लोगों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही, इन शिविरों में लगाई गई स्टालों पर 4,34,235 रुपये की बिक्री भी दर्ज की गई।
विभिन्न विभागों की भागीदारी
इन बहुउद्देशीय शिविरों में स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक, ग्राम विकास, कृषि, पशुपालन, उद्यान, समाज कल्याण, पंचायती राज, सहकारिता, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य नागरिक आपूर्ति, पुलिस, वन, शिक्षा, जल संस्थान एवं जिला उद्योग विभागों ने भाग लिया।
स्वयं सहायता समूहों द्वारा भी अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिला। इन शिविरों में अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर लाभार्थियों को जागरूक किया।

