केन्द्रीय विद्यालय के 75% निर्माण कार्य पूरे, दिसम्बर 2025 तक भवन हस्तांतरण की संभावना, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने दी जरूरी निर्देश
नई टिहरी, 2 सितम्बर 2025।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में केंद्रीय विद्यालय, नई टिहरी की सत्र 2025-26 हेतु विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रथम बैठक एवं विद्यालय स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की मासिक बैठक जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने नव-निर्माणाधीन विद्यालय भवन की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निर्माणदाई संस्था एनपीसीसी (NPCC) के प्रतिनिधि ने बताया कि विद्यालय भवन का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य दिसम्बर 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप चंद्र थपलियाल ने अवगत कराया कि विद्यालय स्तरीय मॉनिटरिंग समिति द्वारा निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि—
- विद्यालय एप्रोच रोड के लिए लोक निर्माण विभाग ने ₹49 लाख का प्राक्कलन बनाया है।
- पेयजल लाइन हटाने के लिए जल संस्थान ने ₹23 लाख का प्राक्कलन तैयार किया है।
- इसके अतिरिक्त विद्युत लाइन शिफ्टिंग, मैदान में पेड़ कटान तथा सुरक्षात्मक दीवार निर्माण से संबंधित कार्यवाही जारी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए तथा तय समयसीमा में भवन पूर्ण कर विद्यालय को हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो पेड़ों को सुरक्षित रखा जाए। साथ ही, विद्यालय भवन के शिफ्ट होने के बाद पुराने भवन के सर्वोत्तम उपयोग की कार्ययोजना अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
विद्यालय के शैक्षणिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए प्रधानाचार्य ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में 695 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि क्षमता 760 की है। विद्यालय में मरम्मत कार्य, कंप्यूटर, फर्नीचर, लाइब्रेरी और खेल-कूद सामग्री आदि के लिए ₹21 लाख का प्रस्ताव रखा गया है। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को छात्र संख्या बढ़ाने के लिए विशेष पहल करने पर बल दिया।
बैठक में सीएमओ डॉ. श्याम विजय, अधिशासी अभियन्ता लोनिवि योगेश कुमार, हेमलता भट्ट सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
