सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत टीएचडीसी भागीरथीपुरम की पहल, पुलिस कार्यों में मिलेगी सुविधा
गजा | टिहरी गढ़वाल
नगर पंचायत गजा स्थित पुलिस चौकी को टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (भागीरथीपुरम) द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व (सेवा मद) के अंतर्गत एक कंप्यूटर सेट निःशुल्क प्रदान किया गया। पुलिस चौकी को कंप्यूटर उपलब्ध कराए जाने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने टीएचडीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
कंप्यूटर दिए जाने पर जनप्रतिनिधियों ने टीएचडीसी के पूर्व अधिशासी निदेशक एल. पी. जोशी, वर्तमान सीटीओ एवं सुशील उनियाल (उप महाप्रबंधक, सूचना प्रौद्योगिकी) का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
रिपोर्टिंग पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष नेगी को कंप्यूटर प्रदान करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष चतर सिंह ने कहा कि पुलिस चौकी में कंप्यूटर के अभाव में कई कार्यों को करने में कठिनाई हो रही थी। उन्होंने बताया कि टीएचडीसी से सेवा मद के अंतर्गत कंप्यूटर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, जिसे स्वीकार किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस चौकी गजा का कार्यक्षेत्र अत्यंत विस्तृत है, ऐसे में भविष्य में टीएचडीसी से वाहन उपलब्ध कराने की मांग भी की जाएगी। साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों से पुलिस चौकी के कार्यक्षेत्र निर्धारण से जुड़े मामलों में उच्चाधिकारियों से वार्ता करने का आग्रह किया गया, क्योंकि कई गांवों का क्षेत्र निर्धारण अभी सही किया जाना शेष है।
नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, जोत सिंह असवाल तथा सेवा भारती से राजेन्द्र सिंह खाती ने कहा कि पुलिस चौकी गजा के लिए 10 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में कार्यरत स्टाफ कम है, जिससे जनता को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने महिला कांस्टेबल की तैनाती को भी नितांत आवश्यक बताया।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इन सभी विषयों को लेकर शीघ्र ही एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक नई टिहरी से मुलाकात करेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी टीएचडीसी द्वारा सेवा मद से पुलिस चौकी गजा को कमरों की प्रकाश व्यवस्था हेतु ट्यूब लाइट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य बमण गांव दीपक विजल्वाण, ग्राम प्रधान मुकेश विजल्वाण, सामाजिक कार्यकर्ता नयन सिंह चौहान, दिनेश प्रसाद उनियाल, कांस्टेबल सचिन सैनी, होमगार्ड गबर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
