संसदीय कार्य मंत्री के खिलाफ टिहरी में कांग्रेस का विरोध, जगह-जगह पुतला दहन, नई टिहरी में निकाली गई शवयात्रा
नई टिहरी: जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों और शहरों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संसदीय कार्य मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल और भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध अग्रवाल द्वारा विधानसभा में पहाड़वासियों के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणी (“साले पहाड़ी”) के कारण किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैला हुआ है।
संसदीय कार्यमंत्री के खिलाफ टिहरी गढ़वाल में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, शवयात्रा के साथ जगह-जगह पुतला दहन,
नई टिहरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल और भाजपा सरकार की पुतला शवयात्रा निकाली। शवयात्रा कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर प्रेस क्लब, पोस्ट ऑफिस, मोलधार ओपन मार्केट से होते हुए साईं चौक पर समाप्त हुई, जहां पुतलों को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने कहा, “संसदीय कार्य मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल का अपमानजनक व्यवहार असहनीय है। विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने पहाड़ियों को अपशब्द कहे, जो हमारे स्वाभिमान पर हमला है। टिहरी जिले भर में कांग्रेस कमेटियों ने पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया है।”
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने कहा, “कांग्रेस हर उत्तराखंडी का सम्मान करती है, लेकिन भाजपा सरकार के मंत्री द्वारा विधानसभा के अंदर पहाड़ियों को अपमानित करने पर हम चुप नहीं बैठ सकते। उत्तराखंड के अमर शहीदों की भूमि का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम मांग करते हैं कि प्रेम चंद अग्रवाल को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाया जाए, और स्पीकर ऋतु भूषण खंडूरी को भी उनके पद से हटाया जाए।”
कांग्रेस के पीसीसी सदस्य मुशर्रफ अली और देवेंद्र नौडियाल ने कहा, “प्रेम चंद अग्रवाल का जब भी टिहरी दौरा होगा, हम उनका पुरजोर विरोध करेंगे और उन्हें यहां घुसने नहीं देंगे।”
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने कहा, “विधानसभा में पहाड़ियों का अपमान हुआ और भाजपा के 25 विधायक चुपचाप बैठे रहे। अब जनता को तय करना है कि वे अपने विधायकों से इस चुप्पी का जवाब मांगेगी या नहीं।”
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आशा रावत और बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष ममता उनियाल ने कहा, “उत्तराखंड राज्य आंदोलन में पहाड़ की माताओं और बहनों ने संघर्ष और बलिदान दिया, जिसके कारण हमें यह राज्य मिला। भाजपा सरकार और उसके मंत्री अब हमें गाली दे रहे हैं। पहाड़ियों का स्वाभिमान जिंदा है, तो भाजपा के इस अपमान का विरोध करें।”
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश राणा, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आशा रावत, ममता उनियाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव सैयद मुशर्रफ अली, पीसीसी सदस्य देवेंद्र नौडियाल, वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद सिंह बेलवाल, एडवोकेट सोहन सिंह रावत, जिला उपाध्यक्ष किशोर सिंह मंदरवाल, उपाध्यक्ष गब्बर सिंह रावत, मनीष पंत, जुनैद खान और जमीर अहमद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
