उप जिलाधिकारी ने लिया स्थलीय जायजा, 18 परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट
टिहरी गढ़वाल, 17 अगस्त 2025।
तहसील टिहरी के ग्राम अलेरु कांडीखाल क्षेत्र में हुई अति वृष्टि से कई परिवार प्रभावित हुए। घरों में पानी भरने की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी संदीप कुमार ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण में कुल 18 परिवारों के घर प्रभावित पाए गए। सभी परिवारों को सुरक्षित रूप से पंचायत भवन के समीप रिक्त भवनों में शिफ्ट किया गया। प्रभावित परिवारों के लिए कम्युनिटी किचन से भोजन और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी के आदेशानुसार जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने शिफ्ट किए गए परिवारों को राशन किट वितरित की। कुल 86 सदस्यीय प्रभावित परिवारों के भोजन की व्यवस्था के लिए भी आदेश जारी किए गए। इसके साथ ही यूपीसीएल को शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
