ग्राम पंचायत पलास के पनेथ में 21 परिवार विस्थापन के दायरे में, जिलाधिकारी ने समतलीकरण व मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पर दिए निर्देश
टिहरी, 23 सितम्बर 2025 (SKS News): जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को विकासखंड थौलधार के अंतर्गत ग्राम पंचायत पलास स्थित आपदा प्रभावित ग्राम पनेथ का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनका हालचाल जाना और विस्थापन कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उस राजस्व भूमि का मौका मुआयना किया, जहाँ ग्राम पनेथ के विस्थापित परिवारों को पुनर्वासित किया जाना है।
तहसीलदार मो. शदाब ने बताया कि पनेथ गांव के 21 परिवारों को विस्थापित किया जाना है, जिनमें से 6 परिवार अभी गांव में ही रह रहे हैं। प्रथम किश्त जारी कर दी गई है। ग्रामीणों ने नई जगह पर भूमि के समतलीकरण, बिजली, पानी और पैदल मार्ग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गांव में शेष 6 परिवारों को प्राथमिकता पर विस्थापित किया जाए तथा विस्थापित भूमि पर समतलीकरण कार्य शीघ्र कराए जाएं।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सुनारगांव–मसेथ मोटर मार्ग पर मसेथ गांव का भी निरीक्षण किया, जहाँ आपदा से कुछ घरों को खतरा बना हुआ है। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोनिवि को प्रभावित घरों की सुरक्षात्मक दीवार नियमानुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीडीओ मो. असलम, अधिशासी अभियंता लोनिवि चम्बा जगदीश खाती सहित संबंधित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
