एलयूसीसी घोटाले के आरोपियों को नहीं बख्शा जाएगा: डॉ. धन सिंह रावत
सीबीआई की कार्रवाई से निवेशकों में बढ़ी उम्मीद, कैबिनेट मंत्री बोले – सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी
देहरादून, 14 मई 2026।
बहुचर्चित एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में सीबीआई द्वारा की गई कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आम लोगों की मेहनत की कमाई लूटने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चिटफंड योजनाओं के नाम पर लोगों को ठगने वाले घोटालेबाजों पर अब कानून का शिकंजा कस चुका है।
डॉ. रावत ने कहा कि एलयूसीसी कंपनी ने पहाड़ के भोले-भाले और मेहनतकश लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर अनियमित जमा योजनाओं के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी की है। उन्होंने कहा कि सीबीआई द्वारा इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी से लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हजारों निवेशकों ने राहत की सांस ली है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जांच एजेंसियां निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से जांच कर सभी दोषियों को कानून के तहत कठोर दंड दिलाएंगी।
सरकार निवेशकों के साथ खड़ी
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार आर्थिक अपराधों एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में इस प्रकार के चिटफंड घोटालों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग कर रही है ताकि किसी भी दोषी को बचने का अवसर न मिल सके।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
डॉ. रावत ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ विपक्षी नेता पीड़ित लोगों को गुमराह कर उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं, जबकि सरकार का उद्देश्य शुरू से ही पीड़ितों को न्याय दिलाना रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
