चंबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
त्रिलोक सजवाण बोले— पौधारोपण के साथ संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही जरूरी
चंबा | SKS News
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के संदेश के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चंबा द्वारा वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता त्रिलोक सजवाण ने कहा कि विकास की दौड़ में बड़ी संख्या में पेड़ों का कटान हो रहा है। ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सूरज राणा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, आंगन और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण करना चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छ एवं हरित वातावरण का निर्माण होगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष साब सिंह सजवाण ने कहा कि पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव महेश जोशी ने कहा कि जहां विकास कार्यों के लिए बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की जाती है, वहां उसके अनुपात में पौधारोपण और पौधों के संरक्षण को भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई देना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि विशेष अवसरों पर उपहार के रूप में पौधा भेंट करने की परंपरा विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रकृति की सेवा और वृक्षों का संरक्षण भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग है।
कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह नेगी, देवेंद्र सिंह सजवाण, जयश्री सजवाण, रितु नेगी, सावित्री सजवाण सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
