काण्डा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, सड़क सुरक्षा और निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं की दी गई जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल द्वारा आयोजित शिविर में राहवीर योजना, मोटर वाहन अधिनियम और नशा मुक्ति पर किया गया जागरूक
काण्डा (चम्बा), टिहरी गढ़वाल | सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल श्री नितिन शर्मा के निर्देशानुसार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल श्री दयाराम के मार्गदर्शन में विकासखण्ड चम्बा के ग्राम काण्डा स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, नागरिक अधिकारों तथा “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा अभियान” के अंतर्गत मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने नालसा (NALSA) हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत, टिहरी गढ़वाल के वरिष्ठ सदस्य लक्ष्मी प्रसाद उनियाल ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, विवादों के त्वरित निस्तारण और वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राहवीर योजना की दी जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां ने भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा संचालित “राहवीर योजना” के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद “गोल्डन ऑवर” के दौरान घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने अथवा उसकी जान बचाने में मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार द्वारा नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह योजना सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और लोगों को मानवता की सेवा के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
नशे के दुष्परिणामों पर जनकवि ने किया जागरूक
शिविर के दौरान जनकवि सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान काण्डा बबीता पुंडीर, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अंजना राणा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के अधिकार मित्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विधिक अधिकारों, सड़क सुरक्षा, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
