जिलाधिकारी टिहरी का निर्देश: विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ सफाई कार्मिकों से ही करवाएँ साफ-सफाई
टिहरी गढ़वाल, 05 सितम्बर 2025:
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि कार्यालयों और परिसरों की साफ-सफाई का कार्य अपने अधीनस्थ सफाई कार्मिकों से ही कराया जाए।
डीएम ने कहा कि अधिकांश कार्यालयों में पहले से ही सफाई नायक या दैनिक मजदूरी पर कर्मचारी तैनात हैं, फिर भी कई विभाग नगर पालिका परिषद से सफाई कार्मिकों की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि साफ-सफाई का अभाव न केवल कार्यालय के वातावरण को दूषित करता है बल्कि कार्यकुशलता पर भी असर डालता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं निरीक्षण करें और सुनिश्चित करें कि सफाई व्यवस्था नियमित और सुचारू रूप से संचालित हो।
