खाद्य सुरक्षा कार्यशाला में पूर्व मंत्री दिनेश धनै बोले—“कार्य की शुरुआत शून्य से करें, तभी मिलती है सफलता”
फोर्टिफाइड फूड, शुद्धता और जागरूकता पर केंद्रित कार्यशाला में विशेषज्ञों ने साझा किए महत्वपूर्ण विचार
चंबा (टिहरी गढ़वाल), 9 अप्रैल 2025 | संवाददाता: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
चंबा में आयोजित खाद्य सुरक्षा कार्यशाला के अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि “किसी भी कार्य की सफलता तभी मिलती है जब उसे शून्य से आरंभ किया जाए। आधे मन या बीच से शुरुआत करने पर कार्य सफल नहीं हो सकता।”
उन्होंने खाद्य सुरक्षा, संतुलित आहार, स्वच्छता और हरित चारधाम यात्रा 2025 के सन्दर्भ में अपने विचार साझा करते हुए कहा कि “योजनाओं की सफलता तभी संभव है जब सभी नागरिक साझेदारी और सहभागिता के साथ कार्य करें।”
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जिसमें व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर पुंडीर ने गुलदस्ता व माल्यार्पण कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद रावत ने खाद्य सुरक्षा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “समग्री शुद्ध भी होनी चाहिए और पवित्र भी।” उन्होंने चारधाम यात्रा से पूर्व शुद्धता, स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और जन-जागरूकता जैसे विषयों पर जानकारी दी।
ईट राइट इंडिया अभियान के डिप्टी कमिश्नर व स्टेट नोडल अफसर गणेश कंडवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से फोर्टिफाइड राइस, यूज्ड कुकिंग ऑयल, फूड वेस्टेज और “व्हाइट प्वाइजन” जैसे अहम मुद्दों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “फोर्टिफाइड फूड पोषक तत्वों का खजाना है।”
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने शासकीय दिशा-निर्देशों का पालन करने और नियमों की जानकारी साझा की।
नगरपालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ने विभाग और व्यापार मंडल द्वारा इस कार्यशाला के आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर चंबा नगर के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने स्वरचित कविताओं और स्लोगनों के माध्यम से शुद्ध पोषण, समग्र स्वच्छता और बेहतर जीवन शैली पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने अपनी नवीनतम प्रकाशित पुस्तक की प्रतियाँ भी भेंट की।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष दर्मियान सिंह सज्वाण, गोविंद बिष्ट, बलवीर नेगी, धीरज रावत, सभासद विक्रम चौहान, चंबा थाना प्रभारी एल.एस. बुटोला, अधिशासी अधिकारी प्रशांत चौधरी, सहित विभिन्न विभागों और समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
