गजा की बेटी अदिति चौहान ने रचा इतिहास: अमेजन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनीं, ₹47.88 लाख वार्षिक पैकेज पर हुआ चयन
टिहरी गढ़वाल की प्रतिभा का राष्ट्रीय स्तर पर परचम, हैदराबाद में देंगी ज्वाइनिंग; क्षेत्र में खुशी की लहर
गजा (टिहरी गढ़वाल), 13 जुलाई 2026 | SKS News
टिहरी गढ़वाल के गजा क्षेत्र की होनहार बेटी अदिति चौहान ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। विकास खंड चम्बा की धार अकरिया पट्टी स्थित दुवाकोटी (खलुण) गांव की मूल निवासी अदिति चौहान का चयन प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी Amazon में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर हुआ है। उन्हें ₹47.88 लाख वार्षिक (CTC) पैकेज का ऑफर मिला है और वह शीघ्र ही हैदराबाद कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगी।
बचपन से ही मेधावी रहीं अदिति
अदिति चौहान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कार्मल स्कूल, चम्बा से प्राप्त की, जहां उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 96.06 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने सेंट जोसेफ्स कॉलेज, देहरादून से इंटरमीडिएट 96 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण किया।
उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने ग्राफिक एरा (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), देहरादून से बी.टेक (कम्प्यूटर साइंस) की पढ़ाई पूरी की। अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों और तकनीकी दक्षता के बल पर उन्होंने अमेजन जैसी विश्व की अग्रणी टेक कंपनी में स्थान बनाया।
शिक्षक परिवार से हैं अदिति
अदिति के पिता राजेन्द्र सिंह चौहान राजकीय हाई स्कूल ओबरी में शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती बबीता चौहान प्राथमिक विद्यालय बंजारावाला में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा और संस्कारों से परिपूर्ण परिवार का सहयोग उनकी सफलता की मजबूत नींव बना।
सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को
अपने चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए अदिति चौहान ने कहा कि उनकी इस सफलता का श्रेय ईश्वर की कृपा, माता-पिता, गुरुजनों तथा दादा-दादी के आशीर्वाद को जाता है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
क्षेत्र में खुशी, शुभकामनाओं का तांता
अदिति चौहान की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूरे गजा एवं आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, पूर्व प्रमुख चम्बा शिवानी बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार डी.पी. उनियाल, भाजपा मंडल महामंत्री सुनील चौहान, ग्राम प्रधान श्रीमती ममता चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा चौहान, कुलदीप रांगड़, तेजोमई बधानी, शिवानी कोठियाल, श्रीमती भारती, घीमन सिंह रावत, अरविंद कोठियाल, श्रीमती मंजू राणा सहित राजकीय शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ एवं जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
