जनता मिलन कार्यक्रम: डीएम नीतिका खण्डेलवाल ने सुनीं 82 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
सीएम हेल्पलाइन, जिला योजना, मानसून तैयारियों और जनसमस्याओं की समीक्षा; लंबित मामलों के तत्काल समाधान पर दिया जोर
नई टिहरी, 13 जुलाई 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 82 शिकायतें एवं मांग-पत्र प्रस्तुत किए गए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा, लंबित मामलों पर सख्ती
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा की। उन्होंने एक माह से अधिक समय से लंबित मामलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला योजना एवं निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में जिला योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने तथा कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश दिए।

मानसून को लेकर सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
मानसून सीजन को देखते हुए डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने और हर समय अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए मशीनरी, जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही विद्युत, पेयजल एवं पूर्ति विभाग को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
पूर्व सैनिकों के लिए भवन उपलब्ध कराने की मांग
पूर्व सैनिक समाज सेवा संगठन, चौरास के अध्यक्ष सूबेदार मेजर यशवंत सिंह रौतेला ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 500 पूर्व सैनिक निवास करते हैं, लेकिन राष्ट्रीय पर्व, शहीद दिवस, शौर्य दिवस तथा संगठन की बैठकों के लिए कोई भवन उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को औचित्यपूर्ण प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बिना अनुमति लगाए गए ट्रांसफार्मर की जांच के निर्देश
विकास खण्ड घनसाली के ग्राम चांजी तल्ली निवासी सोहनलता रावत ने शिकायत की कि उनके खेत में बिना अनुमति एवं पूर्व सूचना के विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर स्थापित कर दो विद्युत पोल भी खड़े कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मेधावी दिव्यांग युवक को प्राथमिकता से सहायता देने के निर्देश
तहसील नैनबाग के ग्राम मोगी निवासी आशीष दास ने बताया कि वह अस्थायी मानसिक दिव्यांगता से पीड़ित हैं तथा पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर हो गई है। उन्होंने बताया कि वह ‘मिशन शतक परीक्षा’ के मेधावी छात्र रह चुके हैं तथा जिला प्रशासन से प्रशस्ति पत्र, भारत सरकार के इंस्पायर अवार्ड, राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं नमामि गंगे कार्यक्रम के प्रमाण-पत्र भी प्राप्त कर चुके हैं।
जिलाधिकारी ने उनकी स्थिति को देखते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत का मामला
ग्राम गोठ निवासी जगत राम चमोली ने क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत आपदा मद से कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे उपस्थित
जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
