गजा–माणदा–स्वीर मोटर मार्ग पर गड्ढों का साम्राज्य, दुपहिया वाहन चालक हो रहे घायल
गजा/नई टिहरी।
विकासखंड चंबा और फकोट के कई गांवों को जोड़ने वाला गजा–माणदा (धारअकरिया)–स्वीर–भैंस्यारौ मोटर मार्ग आज खस्ताहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण यह मार्ग दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई दुपहिया वाहन चालक घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत हुई थी और 2018–19 में निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था। इसके बाद मार्ग लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर को हस्तांतरित किया गया।
ग्राम माणदा और स्वीर के निवासियों का कहना है कि सड़क पर बड़े गड्ढे बनने के बाद विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्राम माणदा (धार अकरिया) निवासी आनंद सिंह खाती, रघुबीर सिंह खाती और धर्मेन्द्र सिंह खाती ने बताया कि पिछले वर्ष केवल झाड़ी कटान का कार्य हुआ था, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं की गई। परिणामस्वरूप, मार्ग पर गड्ढे जस के तस बने हुए हैं।
कई ग्रामीण हुए घायल
ग्रामीणों ने बताया कि इसी अक्टूबर माह में भगवान सिंह खाती, महेश सिंह और दर्शन सिंह गड्ढों के कारण फिसलकर चोटिल हो गए। वहीं कुछ समय पहले रघुबीर सिंह खाती और आनंद सिंह खाती भी इसी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
ग्राम प्रधान श्रीमती भगवानी देवी और पूर्व प्रधान बिजेंद्र सिंह खाती ने बताया कि यह मार्ग भैंस्यारौ से मौण होते हुए रानीचौरी–चंबा तक आवागमन का प्रमुख मार्ग है। सर्दियों में जब गजा–डांडा–चली–रानीचौरी सड़क पर बर्फ गिरती है, तो वाहन रानीचौरी–मौण–भैंस्यारौ–माणदा होते हुए गजा, पोखरी और चाका तक जाते हैं।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन जहां एक ओर “गड्ढामुक्त सड़क” की घोषणा करता है, वहीं यह मार्ग उसकी पोल खोल रहा है।
ग्राम प्रधान श्रीमती भगवानी देवी, पूर्व प्रधान बिजेंद्र सिंह खाती, एवं ग्रामीण आनंद सिंह खाती, रघुबीर सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, नीरज सिंह ने विभाग से तत्काल गड्ढा भरान कार्य कराए जाने की मांग की है।
