गजा में नव निर्मित उद्यान विभाग भवन का अधिग्रहण, जिला उद्यान अधिकारी पंकज कुमार पटवाल ने संभाली जिम्मेदारी
कभी जर्जर भवन में उद्यान प्रभारी के रूप में की थी सेवा, आज उसी भवन के नव निर्माण के बाद जिला उद्यान अधिकारी के रूप में किया अधिग्रहण
गजा (टिहरी गढ़वाल), 14 जुलाई 2026 | SKS News
टिहरी गढ़वाल के नगर पंचायत गजा में उद्यान विभाग के नवनिर्मित कार्यालय भवन का मंगलवार को औपचारिक अधिग्रहण किया गया। इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी पंकज कुमार पटवाल स्वयं गजा पहुंचे और भवन का निरीक्षण करते हुए अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर ने एक सुखद संयोग को भी साकार किया। पंकज कुमार पटवाल ने अपने सेवा काल के शुरुआती वर्षों में गजा एवं फकोट क्षेत्र में उद्यान प्रभारी के रूप में कार्य करते हुए किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण पहल की थीं। उस समय वे उद्यान रक्षा सचल दल के जर्जर भवन से ही विभागीय कार्यों का संचालन करते थे। किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभागीय कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए उन्होंने शासन से भवन के नव निर्माण का अनुरोध भी किया था।
आज उसी भवन का नव निर्माण पूर्ण होने के बाद जिला उद्यान अधिकारी के रूप में उसका अधिग्रहण करना उनके लिए एक भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा।
गजा एवं फकोट क्षेत्र में सेवाकाल के दौरान पंकज कुमार पटवाल ने बागवानी, फलोत्पादन तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू किया। विशेष रूप से कीवी एवं इटैलियन सेब उत्पादन को बढ़ावा देने में उनके योगदान को क्षेत्र के किसान आज भी याद करते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि विभाग के नवनिर्मित भवन से उद्यान विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा क्षेत्र के किसानों को बेहतर सुविधाएं और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जी.एस. असवाल, अवर अभियंता मातबर सिंह रावत, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि विनोद सिंह चौहान, वरिष्ठ पत्रकार डी.पी. उनियाल, उद्यान विभाग के जोत सिंह चौहान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
