मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना: 300 खिलाड़ियों का होगा चयन, प्रत्येक को मिलेगी ₹1,500 मासिक छात्रवृत्ति
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने दिए पारदर्शी एवं समयबद्ध चयन प्रक्रिया के निर्देश, 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर
टिहरी गढ़वाल, 14 जुलाई 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना की समीक्षा बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए चयन प्रक्रिया, ट्रायल कार्यक्रम तथा खिलाड़ियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार कार्य करें तथा चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
300 खिलाड़ियों का होगा चयन
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने प्रस्तुतीकरण (PPT) के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना वर्ष 2022-23 से संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य जनपद की खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रारंभिक स्तर से बेहतर प्रशिक्षण एवं आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए चयन प्रक्रिया के तहत 150 बालक एवं 150 बालिकाओं सहित कुल 300 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक खिलाड़ी को ₹1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी खेल प्रतिभा को और बेहतर ढंग से विकसित कर सकें।
8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मिलेगा अवसर
योजना के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसमें 8-9, 9-10, 10-11, 11-12, 12-13 एवं 13-14 वर्ष आयु वर्ग शामिल हैं।
प्रत्येक आयु वर्ग से 25 बालक एवं 25 बालिकाओं का चयन किया जाएगा।
इन परीक्षणों के आधार पर होगा चयन
खिलाड़ियों का चयन स्वास्थ्य परीक्षण एवं शारीरिक दक्षता के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में निम्नलिखित परीक्षण शामिल होंगे—
- 30 मीटर फ्लाइंग रन
- स्टैंडिंग ब्रॉड जंप
- फॉरवर्ड बेंड एंड रीच
- 6×10 शटल रन
- मेडिसिन बॉल पुट
- 600 मीटर दौड़
यह रहेगा चयन ट्रायल का कार्यक्रम
योजना के तहत चयन ट्रायल निम्नानुसार आयोजित किए जाएंगे—
- विद्यालय स्तरीय ट्रायल: 13 जुलाई 2026
- न्याय पंचायत/नगर निकाय स्तर: 14 से 20 जुलाई 2026
- विकासखंड स्तर: 22 से 26 जुलाई 2026
- जनपद स्तरीय ट्रायल: 28 से 30 जुलाई 2026
इच्छुक अभ्यर्थी योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन पंजीकरण khelouk.in पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए ताकि योग्य खिलाड़ियों को योजना का पूरा लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान, विमल नेगी, ममता भट्ट सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
