गढ़वाल विवि में 35 कर्मचारियों को मिली स्थायी नियुक्ति, दो दशक लंबे संघर्ष के बाद खिले चेहरे
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने वितरित किए नियुक्ति पत्र, कर्मचारियों ने जताया आभार
श्रीनगर (गढ़वाल), 27 मई 2026, SKS News।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के लंबे संघर्ष को आखिरकार सफलता मिल गई। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रथम चरण में 35 कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति प्रदान की गई। बुधवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने ग्रुप ‘सी’ कर्मचारियों एवं वाहन चालकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। गौरतलब है कि गढ़वाल विश्वविद्यालय में कुल 147 दैनिक एवं नियत वेतनभोगी कर्मचारी पिछले दो दशकों से अस्थायी रूप से सेवाएं दे रहे थे।
लंबे समय से हाईकोर्ट में विचाराधीन इस मामले में विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद (ईसी) की 9 मई 2026 को आयोजित बैठक में 147 कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति देने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई थी। इसके बाद अब प्रथम चरण में 35 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नियुक्ति वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लंबे संघर्ष और निरंतर प्रयासों की जीत है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की नियमित नियुक्ति के पीछे उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय स्तर पर हुए समन्वय और प्रयासों के कारण ही यह प्रक्रिया सफल हो पाई। कुलपति ने नियुक्त कर्मचारियों से विश्वविद्यालय के प्रति ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कुलपति ने विश्वविद्यालय में कुलसचिव, वित्त अधिकारी सहित अन्य रिक्त पदों पर भी जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। साथ ही उन्होंने नव नियुक्त कर्मचारियों के लिए “कर्मयोगी प्रशिक्षण” आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी को शिक्षक संवर्ग के रोस्टर संबंधी कार्य शीघ्र पूरा कर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में वित्त अधिकारी डॉ. अजय कुमार मोहंती, डीन पदोन्नति एवं रिक्रूटमेंट प्रो. एमएस पंवार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. गौतम वीर, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. एमएम सेमवाल, एसआरटी परिसर निदेशक प्रो. एए बौडाई, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार, डीएसडब्ल्यू प्रो. ओपी गुसांई, प्रो. एचबीएस चौहान, सहायक कुलसचिव डॉ. विजयपाल भंडारी, ख्याति वर्धन जोशी, सूर्य प्रकाश बादल, कुलदीप कुमार, चौरास परिसर निदेशक प्रो. आरएस नेगी, हैप्रेक निदेशक डॉ. वीके पुरोहित, जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा, शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ अध्यक्ष देवेंद्र फर्स्वाण, महासचिव रविंद्र सिलवाल सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
दो दशक का संघर्ष आखिरकार हुआ सफल
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के 147 कर्मचारियों ने रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर वर्ष 2009 में नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद 13 दिसंबर 2025 को हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय प्रशासन को कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति देने के निर्देश जारी किए थे।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गठित समिति की रिपोर्ट और लंबी प्रक्रिया के बाद अब नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हुई है, जिसे कर्मचारी अपने संघर्ष की बड़ी जीत मान रहे हैं।
समारोह के दौरान आया मंत्री का फोन
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान जब कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह मंच से संबोधित कर रहे थे, तभी कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का फोन आया। कुलपति ने मंत्री को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने फोन पर सभी नियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
