"गौ सम्मान अभियान" के तहत जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन, गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की उठाई मांग
भारत सरकार से गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी नीति बनाने का किया आग्रह
नई टिहरी, 27 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
“गौ सम्मान अभियान” के अंतर्गत अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने सोमवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के माध्यम से भारत सरकार को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग करते हुए देशभर में गौ संरक्षण, संवर्धन एवं गौवंश के समग्र कल्याण हेतु प्रभावी एवं दीर्घकालिक नीतिगत कदम उठाने का आग्रह किया गया।
अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपरा में गौ माता का विशेष महत्व रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से गौवंश के संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, गौशालाओं को सुदृढ़ बनाने तथा गौ आधारित कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने अपना ज्ञापन जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल को सौंपते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि इसे भारत सरकार तक प्राथमिकता के आधार पर प्रेषित किया जाएगा।
इस अवसर पर “गौ सम्मान अभियान” से जुड़े कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
