ग्रामीण क्षेत्रों की स्वच्छता पर कब दिया जायेगा ध्यान, गंदगी का साम्राज्य स्थापित कर रहे हैं गांवों के निकट लगे कूड़ादान
गजा/नकोट, डी पी उनियाल: विकास खंड चम्बा के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के तहत कूड़ा निस्तारण के लिए गांव एवं बस्तियों के निकट लोहे के जाली सहित कूड़ादान लगाए गए हैं, लेकिन अब इन पर रखे गए कूड़े की सुध नहीं ली जा रही है। इस कारण ये कूड़ादान स्वच्छता के नाम पर गावों के निकट गंदगी का साम्राज्य स्थापित कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से अच्छी पहल की गई थी ताकि नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं की सफाई की तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी सफाई रहे, इसके लिए बाकायदा प्लास्टिक कूड़ा संग्रहण कूड़े दान बनाये गये तथा हर गांव के निकट सडकों के किनारे रखे गए हैं, इन पर कूड़ा तो डाला जा रहा है लेकिन उठान नहीं होने से यह सफाई अभियान दम तोडते नजर आ रहा है। धारअकरिया व मखलोगी पट्टी के अनेक गांवों में इन पर कूड़ा भरा पड़ा है।
ज्योति प्रसाद पंत सदस्य क्षेत्र पंचायत नैचोली, रतन सिंह रावत भाजपा मंडल अध्यक्ष गजा, बीर सिंह असवाल कठूड ने प्रशासन से मांग की है कि समय समय पर कूड़ा निस्तारण किया जाय।
