जनता मिलन कार्यक्रम में 58 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश; विद्यालयों में पेयजल और शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर
टिहरी, 17 अगस्त 2026। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, प्रतिकर भुगतान, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास, सड़क, लोक निर्माण विभाग, पेयजल और राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 58 शिकायतें एवं मांगपत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
भू-अभिलेख एवं राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों की अधिक संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित कर प्रकरणों का निस्तारण करने तथा प्रगति से उन्हें अवगत कराने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों में सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया जाए कि किसी भी विद्यालय में पेयजल को लेकर शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्यालयों में पेयजल संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण अथवा संबद्धीकरण की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
पर्यटन रोड की कटिंग से आवास को खतरे की शिकायत
जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम हरगी निवासी योगेंद्र दत्त डोभाल ने बताया कि निर्माणाधीन पर्यटन रोड की कटिंग के कारण उनके आवास पर खतरा उत्पन्न हो गया है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला खान अधिकारी को लोनिवि चंबा के संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
सारज्यूला पंपिंग योजना से गंदे पानी की शिकायत
जिला पंचायत सदस्य बागी दर्शनी रावत ने शिकायत की कि सारज्यूला पंपिंग योजना से पिछले एक माह से अत्यधिक गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई कर पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गूलर-सालब मोटर मार्ग की समस्या पर कार्रवाई के निर्देश
अखिल भारतीय किसान सभा, ग्राम पंचायत तिमली सागा, दुबलियाण, नरेंद्रनगर के पदाधिकारियों ने लोक निर्माण खंड नरेंद्रनगर के अंतर्गत निर्माणाधीन गूलर-सालब मोटर मार्ग पर दुबलियाण बस्ती के निकट सड़क निर्माण से संबंधित समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर मामले का समाधान निकालने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पटुड़ी में क्षतिग्रस्त रास्ते और सुरक्षा दीवार की शिकायत
ग्राम प्रधान पटुड़ी विजय लाल शाह ने बताया कि तहसील प्रतापनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटुड़ी के मुख्य रास्ते और सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्होंने इन कार्यों को आपदा के अंतर्गत करवाने की मांग की।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी जाखणीधार को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार आपदा मद के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निविदाएं निरस्त होने के मामलों की जांच के निर्देश
ठेकेदार संगठन जौनपुर से आए प्रतिनिधियों ने शिकायत की कि विभिन्न विभागों द्वारा निविदाएं जारी किए जाने के बाद उन्हें निरस्त किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
लखवाड़ बांध परियोजना के प्रतिकर भुगतान में अनियमितता की शिकायत
जौनपुर क्षेत्र से आए लोगों ने लखवाड़ बांध परियोजना के प्रतिकर भुगतान से संबंधित अभिलेखों में कथित कूटरचित एवं फर्जी हस्ताक्षर किए जाने तथा बिना भुगतान की गई प्रतिकर राशि का भुगतान दर्शाए जाने की शिकायत की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टटोर के लखवाड़ बांध प्रभावितों की समस्या का परीक्षण
तहसील नैनबाग के ग्राम टटोर से आए लोगों ने बताया कि वे लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित हैं। उन्होंने शिकायत की कि प्रशासनिक त्रुटि के कारण उनके खाता-खतौनी, खसरा एवं नाम राजकीय गजट में दर्ज होने से छूट गए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर अभिलेखों में नियमानुसार आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
पुरानी शिकायतों की भी हुई समीक्षा
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। इससे प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है। अधिकांश पुराने प्रकरणों का निस्तारण हो चुका है, जबकि शेष मामलों को भी समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजवेंद्र सिंह, एसएलएओ नीलू चावला, जिला कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
