जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य सचिव का विकास संवाद, जनसमस्याओं पर हुआ व्यापक मंथन
पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और पर्यटन विकास जैसे मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने रखी अपनी बात
टिहरी गढ़वाल, 05 जून 2026, SKS News।
जिला कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी में मुख्य सचिव उत्तराखण्ड शासन आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा विभिन्न क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक जन अपेक्षाओं और प्रशासनिक प्राथमिकताओं के बीच समन्वय स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बैठक में कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकासात्मक एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय ने क्षेत्रीय असमानताओं एवं आरक्षित क्षेत्र विस्तार से संबंधित विषयों पर चर्चा की। वहीं विधायक धनोल्टी प्रीतम सिंह पंवार तथा विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह ने आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संसाधनों एवं उपकरणों की अग्रिम उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
विधायक देवप्रयाग विनोद कण्डारी ने पेयजल आपूर्ति की समस्याओं तथा पर्यटन विकास से जुड़ी रोपवे परियोजनाओं को शीघ्र गति देने की मांग रखी। दर्जाधारी मंत्री जोत सिंह बिष्ट ने नदी तटीय क्षेत्रों में आवागमन के वैकल्पिक साधनों की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि दर्जाधारी मंत्री विनोद सुयाल ने चारधाम यात्रा सीजन के दौरान देवप्रयाग–ऋषिकेश मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव एवं प्रबंधन संबंधी चुनौतियों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने विस्थापित नई टिहरी शहर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के संबंध में मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा। वहीं बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य दिनेश डोभाल ने नगर पंचायत घनसाली की भूमि के नियमितीकरण तथा चारधाम यात्रियों को नई टिहरी से जोड़ने के लिए प्रभावी रणनीति बनाए जाने की मांग की।
बैठक में विभिन्न नगर निकायों के अध्यक्षों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की। नगर पालिका चम्बा एवं देवप्रयाग के प्रतिनिधियों ने पार्किंग सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि नगर पंचायत घनसाली एवं चमियाला के प्रतिनिधियों ने वन्यजीवों के बढ़ते हमलों से जनजीवन एवं कृषि को हो रहे नुकसान की समस्या प्रमुखता से उठाई।
विकासखंड प्रमुखों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, वन्यजीव प्रबंधन तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से रखा। मुख्य सचिव ने सभी विषयों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह संदेश भी उभरकर सामने आया कि जनपद का समग्र विकास केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच निरंतर संवाद, समन्वय एवं जवाबदेही आवश्यक है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष चम्बा शोभनी धनोला, मुनिकीरेती अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, देवप्रयाग अध्यक्ष ममता देवी, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, घनसाली अध्यक्ष आनंद बिष्ट, चमियाला अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा, लंबगांव अध्यक्ष रोशन रांगड़ सहित विभिन्न नगर निकायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख घनसाली राजीव कंडारी, चम्बा सुमन सजवाण, नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, कीर्तिनगर अंचला खंडेवाल, देवप्रयाग विनोद बिष्ट, प्रतापनगर मनीषा पंवार, जौनपुर सीता पंवार एवं थौलधार सुरेंद्र भण्डारी सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
