डीएम टिहरी ने बहुउद्देशीय शिविर में सुनी जनसमस्याएं, 103 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर निस्तारण
टिहरी | 06 जनवरी 2026
जनपद टिहरी गढ़वाल के प्रत्येक न्याय पंचायत में समयबद्ध रूप से आयोजित किए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को प्रतापनगर तहसील एवं जाखणीधार ब्लॉक के न्याय पंचायत सिलोली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज राजाखेत में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने की।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय सतर्कता समिति की अध्यक्ष (राज्यमंत्री) गीता रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि विक्रम सिंह नेगी (विधायक, प्रतापनगर) विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
शिविर में आमजन की समस्याएं सुनते हुए कुल 103 आवेदन प्राप्त किए गए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान अनुपस्थित बीईओ जाखणीधार का स्पष्टीकरण भी तलब किया गया।
लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ
शिविर में बाल विकास विभाग द्वारा 12 पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। वहीं पंचायती राज विभाग द्वारा यूसीसी के तहत 13 विवाह पंजीकरण किए गए, जिनमें से 6 लाभार्थियों को मौके पर ही पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा स्थानीय उत्पादों की खरीद भी की गई।
विधायक व जिलाधिकारी के निर्देश
इस अवसर पर विधायक प्रतापनगर विक्रम सिंह नेगी द्वारा कूड़ा उठान हेतु एक वाहन विधायक निधि से देने की घोषणा की गई। साथ ही जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा के लिए बंदूक लाइसेंस खोलने एवं स्कूल मार्गों पर झाड़ी कटान कराने की बात कही गई।
जिलाधिकारी ने झाड़ी कटान को लेकर एडीपीआरओ को सभी न्याय पंचायतों में बुश कटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य अतिथि गीता रावत ने जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाकर त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कर रहा है।
जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई
शिविर में मदननेगी क्षेत्र में कूड़ा फेंकने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने बीडीओ व एसडीएम को कूड़ा उठान, दुकानदारों के चालान तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
श्रम अधिकारी को श्रमिक कार्ड पंजीकरण हेतु रोस्टर बनाकर कैंप लगाने के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान म्यूंडा अनीता देवी द्वारा सड़क निर्माण से जुड़े भूमि मुआवजे की मांग पर लोनिवि को प्राथमिकता पर कार्यवाही के निर्देश दिए गए। कॉल गांव निवासी विद्यादत्त पेटवाल की पेयजल लाइन क्षति की शिकायत पर जल संस्थान को एक सप्ताह के भीतर समाधान के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त रोडवेज बस सेवा विस्तार, सोलर लाइट स्थापना एवं कृषि भूमि पर तारबाड़ जैसी मांगें भी रखी गईं।
शिविर का संक्षिप्त विवरण
शिविर के नोडल अधिकारी/भूमि संरक्षण अधिकारी पवन कुमार काला ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के स्टालों पर 486 लोगों ने प्रतिभाग किया।
- 28 शिकायतें दर्ज
- 14 का मौके पर निस्तारण
- 39 आवेदन प्रमाण पत्र/सेवाओं हेतु
- 191 लोग विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल, उपाध्यक्ष जिला पंचायत मान सिंह रौतेला, जिलाध्यक्ष भाजपा उदय रावत, एसडीएम प्रतापनगर अंकित राज, पूर्व राज्य मंत्री प्रेम जुयाल सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।


