टिहरी गढ़वाल में आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता समिति सचिव हरीश कोठारी द्वारा सम्मान समारोह, डीएम ने कहा– “मीडिया प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की तीसरी आँख”
टिहरी गढ़वाल, 27 अगस्त 2025।
जनपद टिहरी गढ़वाल में बुधवार को आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता समिति के सचिव हरीश कोठारी द्वारा जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल सहित विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
✦ “जनता से बेहतर संवाद बनाना हमारी प्राथमिकता” – जिलाधिकारी
सम्मान ग्रहण करने के अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि “अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से ही बेहतर तालमेल और संतुलन स्थापित होता है। मीडिया हमारा चौथा स्तंभ और तीसरी आंख है, जो समाज और प्रशासन के बीच विश्वास एवं पारदर्शिता बनाए रखता है।”
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनता के प्रति जवाबदेह होकर कार्य करने और कार्य व्यवहार में निरंतर सुधार लाने का आह्वान किया।
साथ ही, आदर्श संस्था के सचिव हरीश कोठारी को गोल्डन पिन से सम्मानित किए जाने पर शुभकामनाएं भी दीं।
✦ मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सक्रिय प्रशासन
जिलाधिकारी ने कहा कि, “माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार पब्लिक सर्विस डिलीवरी एवं जनता से बेहतर संवाद हमारी प्राथमिकता है। जनपद टिहरी गढ़वाल के अधिकारी-कर्मचारी बेहद सक्रिय हैं और हर समय जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं।”
✦ “छोटे-छोटे कार्यों से भी सीखें” – हरीश कोठारी
इस अवसर पर संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने कहा कि हम सभी को छोटे-छोटे कार्यों से भी प्रेरणा मिलती है और यह भावना प्रत्येक व्यक्ति के भीतर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में सभी को परिवार की तरह मिलकर कार्य करना होगा।
✦ सम्मानित अधिकारी एवं कर्मचारी
समारोह में कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कार्य में कुशलता और उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इनमें प्रमुख रूप से –
- डीपीआरओ एम.एम. खान
- अधिशासी अधिकारी जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज
- अधिशासी अधिकारी लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता
- तहसीलदार नरेंद्रनगर अयोध्या उनियाल
- तहसीलदार टिहरी मो. शादाब
- एडीओ राकेश शर्मा
- अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह
आदि शामिल रहे।
