गणेश चौक से लोनिवि तक चला सफाई अभियान, दो ट्रक कूड़ा एकत्रित; जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की– “स्वच्छ टिहरी के लिए सब मिलकर आगे आएं”
टिहरी गढ़वाल, 27 अगस्त 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहन सिंह रावत के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को नई टिहरी के बौराड़ी स्थित गणेश चौक से लोक निर्माण विभाग कार्यालय तक साप्ताहिक सफाई अभियान चलाया गया।
इस अभियान में नालों की सफाई, प्लास्टिक एवं कूड़ा-करकट निकालने के साथ झाड़ियों की कटाई की गई। सफाई के दौरान लगभग दो ट्रक और एक छोटे वाहन में कूड़ा एकत्रित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यह तय किया गया है कि प्रत्येक बुधवार सुबह 7 से 8 बजे तक सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सक्रिय रूप से भाग लें और नई टिहरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दें।
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि “टिहरी सफाई की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। बरसात में नालियों के जाम होने से फैली गंदगी अब धीरे-धीरे नियंत्रित की जा रही है। हमारा लक्ष्य है कि टिहरी स्वच्छ शहरों की श्रेणी में शामिल हो।”
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम संदीप कुमार, आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह, उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, ईओ नगर पालिका प्रशांत कुमार, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रीन हिमालय क्लीन हिमालय संगठन के युवा मौजूद रहे।
