जौनपुर में VB-GRAM-G योजना पर ग्राम प्रधानों का प्रशिक्षण, किंसु गांव में ‘हिमालयन भोजनालय’ का शुभारंभ
80 ग्राम प्रधानों ने लिया प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया मंच
थत्यूड़, जौनपुर, टिहरी गढ़वाल, 11 जून 2026 | SKS News
विकास खंड जौनपुर के सभागार में विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (VB-GRAM-G) के अंतर्गत ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए ग्राम पंचायतों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकास खंड क्षेत्र के लगभग 80 ग्राम प्रधानों सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। जिला विकास अधिकारी ने योजना के उद्देश्यों, क्रियान्वयन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, रोजगार सृजन की संभावनाओं तथा ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ग्राम प्रधानों से स्थानीय संसाधनों और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारपरक परियोजनाओं का चयन कर ग्रामीणों की आय बढ़ाने तथा पलायन की समस्या को कम करने के लिए प्रभावी प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत विकास खंड जौनपुर की ग्राम पंचायत ठिक्क के किंसु गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ग्रामोत्थान परियोजना सहायित “हिमालयन भोजनालय” का शुभारंभ किया गया। जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने फीता काटकर भोजनालय का उद्घाटन किया तथा महिला समूह की सदस्यों को इस पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित ऐसे उद्यम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में इस प्रयास को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य ठिक्क, खंड विकास अधिकारी, महिला सीएलएफ (CLF) के सदस्यगण तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा ग्रामोत्थान परियोजनाओं, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), विधायक निधि एवं जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
