नई टिहरी जिला सभागार में आयोजित जनता दर्शन में पेयजल, सड़क, नगर पालिका, पुनर्वास और विद्युत से जुड़ी शिकायतें दर्ज, अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण।
टिहरी गढ़वाल, 18 अगस्त 2025।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल द्वारा सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दर्शन (जन सुनवाई) कार्यक्रम में जन सुनवाई की गई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 33 जन समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें पुनर्वास, लोनिवि, नगरपालिका, जल संस्थान और विद्युत आदि की शिकायतें शामिल थीं।
जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का निस्तारण करते हुए सीएम हेल्पलाइन और जनता दर्शन में लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की तथा सभी समस्याओं पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मंगल सिंह निवासी ग्राम कुठ्ठा द्वारा बरसात से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन और रास्ते की मरम्मत की मांग की गई, जिस पर सम्बंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
चंबा सुमन कॉलोनी निवासियों द्वारा शिकायत की गई कि चंबा-मसूरी मोटर मार्ग का बरसाती पानी सुमन कॉलोनी की ओर छोड़े जाने से रास्तों को नुकसान हो रहा है। इस पर ईओ नगर पालिका परिषद चंबा को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
चंबा निवासी दीपा बिष्ट ने शिकायत की कि एक निजी भवन स्वामी नगर पालिका की नालियों का उपयोग करने के बजाय अपने भवन से बरसाती पानी उनकी तरफ छोड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने ईओ को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और संबंधित को अवगत कराने के निर्देश दिए।
विकासखण्ड प्रतापनगर के ग्राम बसेली निवासी रीना देवी ने शिकायत की कि मोटणा-मदननेगी मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त होने से उनके आवास को खतरा हो गया है। इस पर लोनिवि को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
सदस्य जिला पंचायत, वार्ड संख्या 03 कंगसाली नीलम बिष्ट ने बताया कि ग्राम ओखला के 08 परिवारों के आवासीय भवन भारी बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं और उन्हें बारात घर में शिफ्ट किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने और प्रभावित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, आईएएस स्नेहिल, अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार, एसडीएम संदीप कुमार, सीएमओ श्याम विजय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक व वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
