नौल्टा और चोपडिया गाँव में सुरक्षा दीवार व पुश्ता टूटने से आवासीय भवनों को खतरा, पेयजल और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित
गजा/चम्बा। Report: D.P. Uniyal.
विकास खंड चम्बा के धार अकरिया पट्टी के अन्तर्गत ग्राम नौल्टा में भारी बारिश से रमेश उनियाल के आवासीय भवन के आगे खतरा पैदा हो गया है। लोक निर्माण विभाग नरेंद्र नगर द्वारा पूर्व में सुरक्षा के लिए लगाई गई दीवार टूट जाने से मकान प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई।
रमेश उनियाल द्वारा घटना की सूचना तहसीलदार गजा को दूरभाष से दी गई। सूचना मिलते ही राजस्व उपनिरीक्षक नैचोली श्रीमती पूजा राणा ने आपदा प्रबंधन का संज्ञान लेते हुए तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी। उनियाल ने यह भी बताया कि कठूड नैचोली-भासौं सड़क बनने के समय लोक निर्माण विभाग नरेंद्र नगर ने सुरक्षा दीवार बनाई थी, जिसकी जानकारी उन्होंने अधिशासी अभियंता को दूरभाष और फोटो भेजकर दी है।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत खांड के चोपडिया गाँव में भी भारी वर्षा से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क का पुश्ता टूट गया है, जिससे कुंदन सिंह के मकान पर खतरा मंडरा रहा है। पुश्ता टूटने से न केवल आवासीय भवन को खतरा हुआ बल्कि बिजली का पोल गिरने और पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से विद्युत व जल संकट भी उत्पन्न हो गया है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती ममता खडवाल ने घटना की सूचना तहसीलदार गजा को लिखित रूप से दी। इसके बाद तहसील स्तर से टीम ने मौके पर जाकर रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेज दी।
इस बीच, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, जेष्ठ प्रमुख संजय मैठाणी ने लोक निर्माण विभाग नरेंद्र नगर और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चम्बा विभाग को दूरभाष पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने भी अबर अभियंता को अवगत कराया, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश प्रसाद उनियाल ने लोक निर्माण विभाग नरेंद्र नगर के अबर अभियंता मातबर सिंह रावत को जानकारी दी।
तहसीलदार गजा विनोद तिवारी और राजस्व उपनिरीक्षक नैचोली श्रीमती पूजा राणा द्वारा तत्काल संज्ञान लेने और स्थलीय निरीक्षण करने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
📷 स्थलीय निरीक्षण करते हुए राजस्व उप निरीक्षक श्रीमती पूजा राणा

