टिहरी जनपद में फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज, गांव-गांव लगाए जा रहे विशेष पंजीकरण कैंप
डीएम नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में कृषि एवं उद्यान विभाग की संयुक्त पहल, सैकड़ों किसानों ने कराया पंजीकरण
टिहरी गढ़वाल, 22 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण अभियान को तेज गति से संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी के मार्गदर्शन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित कर किसानों का पंजीकरण कराया जा रहा है।
कृषि विभाग एवं उद्यान विभाग के संयुक्त समन्वय से आयोजित इन कैंपों में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी जा रही है। तहसील टिहरी क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित कैंपों में राजीव गांधी सेवा केंद्र दिखोलगांव में 33 किसानों, पंचायत भवन तिवाड़ गांव में 18 किसानों, पंचायत भवन नकोट लग्गा जौलंगी में 10 किसानों तथा पंचायत भवन लामकोट में 40 किसानों ने अपना पंजीकरण कराया। टिहरी क्षेत्र में कुल 151 किसानों का सफल पंजीकरण किया गया।
वहीं घनसाली क्षेत्र में चामी, दोपी बल्ली, बजियाल गांव, पिपोला, कांडार गांव, घनसाली, बोंगा एवं पोली में विशेष कैंप आयोजित कर किसानों का पंजीकरण किया गया। संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से अब तक कुल 146 किसानों का सफलतापूर्वक पंजीकरण किया जा चुका है।
प्रशासन ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कैंपों में पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री में अपना नाम दर्ज कराएं। प्रशासन का कहना है कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदानों एवं अन्य सुविधाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
