टिहरी झील रिंग रोड परियोजना: भूमि अर्जन को लेकर प्रभावित काश्तकारों की जनसुनवाई संपन्न
9 गांवों के 38 प्रभावित काश्तकारों ने लिया भाग, 17 ने दर्ज कराईं आपत्तियां एवं सुझाव; पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
नई टिहरी, 21 जुलाई 2026 | SKS News
टिहरी झील के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण परियोजना के अंतर्गत भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया को लेकर मंगलवार को उप तहसील मदननेगी में जनसुनवाई आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में प्रभावित काश्तकारों की आपत्तियां एवं सुझाव सुने गए।
यह जनसुनवाई भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 के प्रावधानों के तहत आयोजित की गई। परियोजना का उद्देश्य टिहरी झील के चारों ओर पूर्व निर्मित मोटर मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कर बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है।
जनसुनवाई में विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर के अंतर्गत आने वाले खाण्ड, पाचरी, नारगढ़, भौनियाड़ा, सान्दणा, जलवालगांव मल्ला, जलवालगांव तल्ला, पथियाणा तथा कंगसाली सहित कुल 9 ग्रामों के 38 प्रभावित काश्तकारों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 17 काश्तकारों ने भूमि अर्जन एवं पुनर्वास से संबंधित अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज कराए, जिनके नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आपत्तियों एवं सुझावों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित ग्रामीणों को परियोजना, भूमि अर्जन प्रक्रिया तथा पुनर्वास संबंधी सभी आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण की जनसुनवाई 22 जुलाई 2026 को डोबरा-चांठी पुल के समीप आयोजित की जाएगी, जिसमें तहसील मदननेगी एवं टिहरी के शेष 9 ग्रामों के प्रभावित काश्तकारों की आपत्तियां एवं सुझाव सुने जाएंगे।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी ने कहा कि टिहरी झील रिंग रोड परियोजना जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परियोजना है। प्रशासन प्रत्येक प्रभावित परिवार की बात पूरी गंभीरता से सुन रहा है। सभी आपत्तियों एवं सुझावों का नियमानुसार, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने प्रभावित काश्तकारों से जनसुनवाई में सक्रिय सहभागिता कर अपनी बात रखने की अपील की, ताकि उनकी समस्याओं का उचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी नीलू चावला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, प्रभारी तहसीलदार मदननेगी प्रदीप कण्डारी, नायब तहसीलदार प्राची बहुगुणा, प्रधान सहायक बीना सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
