टिहरी में अवैध शस्त्रों पर सख्ती, जिलाधिकारी ने चलाने के निर्देश दिए विशेष अभियान
बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की सघन जांच, गन हाउस और रात्रिकालीन प्रतिष्ठानों पर भी रहेगी नजर
टिहरी गढ़वाल, 15 मई 2026।
जनपद टिहरी गढ़वाल स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अवैध शस्त्र निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध हथियारों की निगरानी, शस्त्र लाइसेंस सत्यापन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के सभी प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर वृहद स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जाए। विशेष रूप से बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए, ताकि अवैध हथियारों एवं गोला-बारूद की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से उत्तराखंड में हस्तांतरित शस्त्र लाइसेंसों का विशेष अभियान चलाकर 15 दिनों के भीतर सत्यापन किया जाए। साथ ही ऐसे व्यक्तियों और अपराधियों का रिकॉर्ड तैयार किया जाए, जो हथियारों एवं गोली-बारूद की अवैध तस्करी में संलिप्त रहे हों। उनकी हिस्ट्रीशीट भी तैयार करने के निर्देश दिए गए।
गन हाउसों और फैक्ट्रियों का होगा औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में संचालित हथियार एवं गोला-बारूद से संबंधित फैक्ट्रियों और गन हाउसों का समय-समय पर औचक सत्यापन किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति औसत से अधिक कारतूस खरीदता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
गन हाउस संचालकों को निर्देशित किया गया कि सीसीटीवी कैमरों का लगभग एक वर्ष का बैकअप सुरक्षित रखा जाए, जिससे किसी भी जांच के दौरान आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।
बार और पब की भी होगी निगरानी
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित बार, पब एवं अन्य रात्रिकालीन प्रतिष्ठानों का संचालन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई संस्थान निर्धारित समय के बाद संचालित पाया जाता है तो संबंधित थाना प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा बैठक में राइफल क्लब को पंजीकृत कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा शस्त्र जारी करने संबंधी शर्तों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर, एसडीएम कमलेश, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
