मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक, SHG सदस्यों को लखपति दीदी बनाने और फार्म एंटरप्राइजेज के विस्तार पर विशेष जोर
टिहरी, 08 मई 2025।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में टिहरी जनपद में ग्राम्य विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मानव दिवसों में वृद्धि करने, औसत मानव दिवस बढ़ाने एवं अधिक से अधिक ग्रामीणों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (NMMS), सोशल ऑडिट, व्यक्तिगत व कृषि आधारित कार्यों, शून्य मानव दिवस एवं शून्य व्यय वाली ग्राम पंचायतों में सुधार लाने हेतु समस्त खंड विकास अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 के सभी लक्ष्यों की सफलतापूर्वक पूर्ति पर संतोष जताया गया। वर्ष 2025-26 में भी निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के लिए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जनपद की एक ग्राम पंचायत को मॉडल के रूप में चयनित कर वहाँ सभी SHG सदस्यों को ‘लखपति दीदी’ बनाया जाएगा।
साथ ही, प्रत्येक ग्रामसभा में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पौधशाला (नर्सरी) की स्थापना कर गुलाब और रोजमैरी जैसे पौधों की खेती को बढ़ावा देने की योजना बनी। रीप परियोजना के अंतर्गत जौनपुर विकासखण्ड के रौतू की बेली में पनीर प्रोसेसिंग यूनिट और नरेन्द्रनगर एवं कीर्तिनगर विकासखण्डों में अदरक हैंडलिंग यूनिट की स्थापना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
परियोजना निदेशक पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि रीप परियोजना से जुड़े सभी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक कृषकों व SHG सदस्यों तक पहुँचाई जाए। साथ ही, परियोजना द्वारा वितरित किए गए बीजों से हुए उत्पादन की संपूर्ण रिपोर्ट तैयार की जाए।
बैठक में परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, समस्त खंड विकास अधिकारी, एनआरएलएम और रीप टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
