टिहरी में जनगणना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिलाधिकारी ने की प्रगति समीक्षा
भवन गणना एवं सूचीकरण कार्यों को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने पर जोर
टिहरी गढ़वाल, 14 मई 2026।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल द्वारा जनपद में संचालित जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक चल रहे भवन गणना एवं सूचीकरण (एचएलबी) कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
बैठक के दौरान सभी अधिशासी अधिकारियों एवं तहसीलदारों से क्रमवार उनके क्षेत्रों में संचालित जनगणना कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर अपने आवंटित कार्यों का कम से कम 50 प्रतिशत कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि जिन कार्मिकों को अभी प्रशिक्षण की आवश्यकता है, उन्हें तत्काल प्रशिक्षण हेतु भेजा जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और जनगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूर्ण कर डाटा फ्रीज़ करने से पहले प्रत्येक प्रविष्टि का भलीभांति परीक्षण किया जाए। उन्होंने सुपरवाइजरों को भी निर्देशित किया कि वे सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच सुनिश्चित करें, जिससे डाटा में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, तहसीलदार धीरज सहित सभी चार्ज अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
