देवंज, आमपाटा व गरवाण में 128 शिकायतें दर्ज, 61 का मौके पर समाधान
टिहरी | 02 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद टिहरी गढ़वाल की तीन न्याय पंचायतों—देवंज, आमपाटा एवं गरवाण—में जिला प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत तहसील घनसाली के भिलंगना ब्लॉक क्षेत्रान्तर्गत न्याय पंचायत देवंज, तहसील नरेंद्रनगर क्षेत्रान्तर्गत न्याय पंचायत आमपाटा तथा तहसील प्रतापनगर क्षेत्रान्तर्गत न्याय पंचायत गरवाण गांव में शिविर लगाए गए। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया।
शिविरों में कृषि, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, श्रम, सेवायोजन, सहकारिता, वन, सिंचाई, आयुष, राजस्व, पंचायती राज, सैनिक कल्याण सहित अन्य विभागों के स्टाल लगाए गए। इस दौरान प्रमाण पत्रों एवं अन्य सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त कर डाटा अपडेशन किया गया।
देवंज न्याय पंचायत (भिलंगना ब्लॉक):
रा.इ.का. नवजीवन आश्रम घुत्तू में आयोजित शिविर की अध्यक्षता डीएफओ वन प्रभाग डैम टिहरी ने की। नोडल अधिकारी/सहायक निदेशक मत्स्य पालन उपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि 32 विभागों के स्टालों पर 378 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में 46 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 22 का मौके पर निस्तारण किया गया। 63 आवेदन प्रमाण पत्रों एवं अन्य सेवाओं के लिए प्राप्त हुए तथा 89 लोग विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए।
आमपाटा न्याय पंचायत (नरेंद्रनगर तहसील):
रा.इ.का. जाजल में आयोजित शिविर की अध्यक्षता एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल ने की। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी बोर्ड के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) सुभाष बड़थ्वाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी/एडीपीआरओ राकेश शर्मा ने बताया कि 29 विभागों के स्टालों पर 157 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 20 का मौके पर निस्तारण किया गया। 24 आवेदन प्रमाण पत्रों एवं अन्य सेवाओं के लिए प्राप्त हुए तथा 10 लोग विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए।
गरवाण न्याय पंचायत (प्रतापनगर तहसील):
रा.इ.का. गरवाण में आयोजित शिविर की अध्यक्षता एसडीएम प्रतापनगर ने की। नोडल अधिकारी/नर्सरी विकास अधिकारी राहुल राणा ने बताया कि 26 विभागों के स्टालों पर 279 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 19 का मौके पर निस्तारण किया गया। 33 आवेदन प्रमाण पत्रों एवं अन्य सेवाओं के लिए प्राप्त हुए तथा 78 लोग स्वास्थ्य जांच एवं अन्य योजनाओं से लाभान्वित हुए।
इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल से लोगों को घर-द्वार पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ मिला।
