जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में देवप्रयाग में नए को-ट्रीटमेंट प्लांट, क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों और गंगा संरक्षण परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा।
टिहरी, 25 सितम्बर 2025।
जिला स्तरीय गंगा समिति की मासिक बैठक 24 सितम्बर 2025, बुधवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण और सीवर प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने जिले में संचालित सभी एसटीपी की क्षमता और नए एसटीपी की जानकारी ली। डीपीओ नमामि गंगे प्रोजेक्ट अरुण उनियाल ने बताया कि देवप्रयाग में 126 भवनों को सीवर लाइन से जोड़ने हेतु 5.0 केएलडी को-ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण बाह बाजार क्षेत्र में किया जा रहा है। यह प्लांट एक सप्ताह के भीतर परीक्षण हेतु तैयार हो जाएगा। इसके लिए नगर पालिका देवप्रयाग से भी समन्वय स्थापित कर लिया गया है ताकि सीवर पिट से निकलने वाले अपशिष्ट को इस प्लांट में लाया जा सके।
परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा), ऋषिकेश ने बताया कि चोरपानी स्थित एसटीपी अत्यधिक वर्षा और मलवे के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। पेयजल निगम ने क्षतिग्रस्त सीवर लाइन का प्राकलन तैयार कर राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, देहरादून को भेज दिया है।
इसके अलावा, 15 सितम्बर की रात भारी वर्षा से अलोहा होटल नीम बीच बरसाती नाला और डिकान वैली घुघत्याली नाला में 350 एमएम व्यास की ग्रेविटी सीवर लाइन तथा सच्चाधान एसपीएस से एसटीपी तक जाने वाली 300 एमएम व्यास की राइजिंग मेन सीवर लाइन बह गई। इसके चलते 3.5 एमएलडी एसटीपी में अपशिष्ट जल की आपूर्ति लगभग शून्य हो गई है। वर्तमान में जल स्तर अधिक होने के कारण मरम्मत कार्य नहीं हो सका है, लेकिन जल स्तर घटते ही तुरंत मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी टिहरी वन प्रभाग पुनीत तोमर, जिला पर्यटन अधिकारी सोबन सिंह राणा, जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान, अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम टिहरी संदीप कश्यप सहित अन्य अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
