जिला कलेक्ट्रेट नई टिहरी में आयोजित बैठक में कचरे के निपटान, प्रोसेसिंग प्लांट, झील क्षेत्र विकास और नगर निकायों की योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा।
टिहरी, 25 सितम्बर 2025।
जिला कलेक्ट्रेट नई टिहरी के वीसी कक्ष में बुधवार देर सांय अपशिष्ट प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने की। उन्होंने जनपद को प्लास्टिक फ्री और डस्टबिन फ्री बनाने के लिए सक्रिय कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में लंबे समय से जमा पुराने कचरे के निपटान हेतु डीएफओ को उपयुक्त स्थान चिन्हित करने और ईओ टिहरी व ईओ चंबा को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार 31 अक्टूबर तक सभी आंतरिक सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाया जाए और इसके लिए नगर निकायों को आवश्यक फंड की जानकारी दी जाए।
एडीबी प्रोजेक्ट से आशीष कठैत ने झील क्षेत्र के गांवों में चल रहे कार्यों और प्रोसेसिंग एवं डिस्पोजल यूनिट की गतिविधियों की जानकारी दी। पर्यावरण विशेषज्ञ रत्नेश कोठियाल ने बेसलाइन डेटा और पर्यावरण स्वीकृति से जुड़ी जानकारियाँ प्रस्तुत कीं। बैठक में प्रोसेसिंग प्लांट, एसएलएफ और प्रतिदिन प्रोसेसिंग क्षमता पर भी चर्चा हुई।
नगर निकायों द्वारा संसाधनों की कमी से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया गया। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभनी धनोला, नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष घनसाली आनंद बिष्ट, टीएचडीसी से विजय सहगल, डीएफओ पुनीत तोमर, कृषि अधिकारी देवराडी, डीपीआरओ एम एम खान सहित सभी संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
