टिहरी में दूरसंचार सेवाओं की समीक्षा, जिलाधिकारी ने 4जी विस्तार और नेटवर्क समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
बीएसएनएल से मांगी 4जी सैचुरेशन एवं ओएलटी की सूची, जियो की सभी साइटें संचालित, देवप्रयाग-कीर्तिनगर की तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 28 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
जनपद टिहरी गढ़वाल में दूरसंचार सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दूरसंचार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दूरसंचार नेटवर्क, इंटरनेट कनेक्टिविटी, 4जी सेवाओं के विस्तार तथा विभिन्न क्षेत्रों में आ रही तकनीकी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को जनपद में 4जी सैचुरेशन से संबंधित विस्तृत सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिन ग्राम पंचायतों में ओएलटी (Optical Line Terminal) कार्यशील हैं, उनकी सूची भी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाओं की वास्तविक स्थिति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके।
45 विद्यालयों में इंटरनेट सेवाएं शुरू
बैठक में बीएसएनएल अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनपद के 45 विद्यालयों में इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं। जहां ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है और इंटरनेट सेवाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। वर्तमान में इन स्थलों का निरीक्षण संबंधित ग्राम प्रधानों द्वारा किया जा रहा है।
जियो की सभी साइटें सुचारु, चंबा में तैनात विशेष टीम
बैठक में जियो कंपनी के प्रतिनिधि नितिन डिमरी ने बताया कि कंपनी द्वारा सभी निर्धारित नेटवर्क कनेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा सभी मोबाइल नेटवर्क साइटें सुचारु रूप से कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि चंबा क्षेत्र में फाइबर नेटवर्क से जुड़ी किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए कंपनी की विशेष तकनीकी टीम तैनात की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित फाइबर टीम का संपर्क नंबर प्रशासन के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल समन्वय स्थापित किया जा सके।
नेटवर्क शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश
जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त नेटवर्क संबंधी शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के प्रभावी निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) मोहम्मद असलम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
देवप्रयाग और कीर्तिनगर की तकनीकी समस्याओं पर फोकस
बैठक में बीएसएनएल के अधिकृत वेंडर ने जानकारी दी कि देवप्रयाग एवं कीर्तिनगर क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, सर्विस लिंक, ओएलटी तथा राउटर से संबंधित कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं, जिनके कारण नेटवर्क सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध दूरसंचार एवं इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में डीडीओ मोहम्मद असलम, बीएसएनएल के डीजीएम अनीत कुमार, एजीएम भगत राम, पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेरा, ईडीएम सूरज, जियो प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
