टिहरी में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, गजा सहित विभिन्न केंद्रों पर बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दो बूंद
‘दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार’ के संदेश के साथ गजा, नकोट, नैचोली, बिरोगी, पोखरी और चाका में चला विशेष अभियान
गजा/नकोट (चम्बा), टिहरी गढ़वाल | एसकेएस न्यूज़
“दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” के संदेश के साथ चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, टिहरी गढ़वाल द्वारा रविवार को विकासखंड चम्बा के मातृ-शिशु कल्याण केंद्र गजा सहित विभिन्न एएनएम केंद्रों पर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान के तहत पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कराया अभियान का शुभारंभ
मातृ-शिशु कल्याण केंद्र गजा में अभियान का शुभारंभ नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया।
इस अवसर पर हेल्थ सुपरवाइजर रेखा रानी एवं एएनएम अनुपमा सकलानी ने बताया कि अभियान की शुरुआत सर्वप्रथम श्री चौहान एवं शौर्य को पोलियो ड्रॉप्स पिलाकर की गई।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वह अपने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य सफल हो सके।
विभिन्न एएनएम केंद्रों पर भी चला अभियान
पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत नैचोली, नकोट, बिरोगी, पोखरी, चाका सहित अन्य एएनएम केंद्रों पर भी पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर अभिभावकों को पोलियो से बचाव एवं नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
स्वस्थ बच्चा ही देश का भविष्य
हेल्थ सुपरवाइजर रेखा रानी ने कहा कि “स्वस्थ बच्चा ही देश का भविष्य है।” उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रखें और स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग करें।
जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य कर्मी रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, पूरण सिंह चौहान, आशा कार्यकर्ता गीता राणा, रीता चौहान, नीलम खाती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाकर भारत को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखना है।
