टिहरी में बरवाल गांव में धूमधाम से मनाया गया ‘जल अर्पण दिवस’, जल जीवन मिशन योजना का शुभारंभ
थौलधार विकासखंड में जल पूजन और जल शपथ के साथ ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
टिहरी, 14 फरवरी 2026।
जनपद टिहरी के विकासखंड थौलधार की ग्राम पंचायत बरवाल में शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को ‘जल अर्पण दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड पेयजल निगम, चम्बा द्वारा किया गया, जिसमें जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल योजना के पूर्ण होने पर उसका औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत को योजना के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को पेयजल योजना के सफल संचालन, स्वच्छता, जल संरक्षण और नियमित जल परीक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में जल पूजन एवं जल शपथ के माध्यम से ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा जल संरक्षण विषय पर भाषण और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सदस्य जिला पंचायत राजेंद्र सिंह रांगड़, ज्येष्ठ उपप्रमुख सुनीता राणा, ग्राम प्रधान जगमोहन सिंह चौहान, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि ओम प्रकाश भट्ट, अधीक्षण अभियंता संदीप कश्यप, अधिशासी अभियंता के.एन. सेमवाल, सहायक अभियंता राजवीर राणा, सुबोध थपलियाल, अपर सहायक अभियंता अनिल पंवार, शुभम शर्मा, आशीष पंवार, प्रधानाध्यापक अमित चमोली, मोहन सिंह चौहान, रोशन लाल शिलस्वाल सहित अनेक ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन योजना के सफल क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
