टिहरी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मतदाता सूची कार्यों को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने पर दिया जोर
टिहरी गढ़वाल, 14 मई 2026।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Intensive Revision – S.I.R.) की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी), तहसीलदार (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) एवं एसआईआर कार्यक्रम हेतु नामित जनपद स्तरीय नोडल अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
समीक्षा बैठक के दौरान वर्तमान मतदाता सूची का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग करने, अनमैप मतदाताओं की सूची तैयार करने तथा आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि मतदाता सूची से संबंधित डाटा का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही से बचा जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शिवम त्रिपाठी, सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा सहित संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
