टिहरी में सतत विकास लक्ष्य टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न, तीन संस्थाएं सम्मानित
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खराब संकेतकों पर सुधार और विभागीय समन्वय पर दिया गया जोर
टिहरी/24 अप्रैल 2025।
गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला सभागार, नई टिहरी में जनपद स्तरीय सतत विकास लक्ष्य (SDG) टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद की तीन संस्थाओं—भारतीय ग्रामोत्थान संस्था, हिम विकास स्वायत संस्था एवं टी.एच.डी.सी. लिमिटेड, टिहरी—को उत्कृष्ठ कार्यों के लिए “SDG गोलकीपर पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने निर्धारित लक्ष्यों को और बेहतर बनाने, संसाधनों की आवश्यकता से समय पर अवगत कराने तथा पोर्टल पर सटीक जानकारी अपलोड करने के निर्देश दिए ताकि जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। बैठक में 20 सबसे अच्छे और कमजोर संकेतकों की समीक्षा की गई और कमजोर संकेतकों पर फोकस करते हुए जल्द सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी साक्षी शर्मा ने SDG के 17 लक्ष्यों की जानकारी दी और कहा कि विभागीय समन्वय के माध्यम से जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी नोडल व सह-नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि दो दिनों के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ पुनीत तोमर, प्रज्ञा फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती प्रज्ञा दीक्षित, भारतीय ग्रामोत्थान संस्था के अध्यक्ष अनिल चंदोला, हिम विकास संस्था के अध्यक्ष अनिल रमोला, डीडीओ मोहम्मद असलम, डीपीओ संजय गौरव, डीएसओ मनोज डोभाल सहित कई अन्य अधिकारी और एनजीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
