मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी योजना का टिहरी में शुभारंभ, हर आयु वर्ग से टॉप 25 बच्चों का होगा चयन
ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए ₹1500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति, बालक-बालिकाओं के लिए ट्रायल प्रक्रिया प्रारंभ
टिहरी, 25 अप्रैल 2025:
जनपद टिहरी गढ़वाल में “मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना 2025-26″ के तहत खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस योजना का उद्देश्य पर्वतीय व ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें खेलों के माध्यम से प्रोत्साहित करना है।
गुरुवार को नरेंद्रनगर में जिला खेल विभाग द्वारा आयोजित पहले चरण की ट्रायल प्रक्रिया में 8 से 9 और 9 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। चयन शारीरिक दक्षता के आधार पर किया गया, और चयनित खिलाड़ियों को ₹1500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। सभी विकासखंडों से 150 से अधिक बच्चे इस चयन प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। हर आयु वर्ग से टॉप 25 बालक-बालिकाओं का चयन किया जाएगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि योजना के तहत 8-9, 9-10, 10-11, 11-12, 12-13, और 13-14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के ट्रायल होंगे। शुक्रवार को 10-11 और 11-12 आयु वर्ग का वॉलीबॉल ट्रायल आयोजित किया गया, जबकि 26 अप्रैल को 12-13 और 13-14 वर्ष आयु वर्ग के ट्रायल होंगे। यह योजना खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देगी।
इस अवसर पर अभिभावकों ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिल रहा है। वहीं बच्चों ने भी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार प्रकट किया।
