चार विकासखंडों के 522 मतदान केंद्रों पर समय पर आरंभ हुई प्रक्रिया, ग्राम छाती में पहली बार बूथ निर्माण से दिखा अभूतपूर्व उत्साह, जिला प्रशासन पूर्णतः सतर्क
टिहरी, 28 जुलाई 2025।
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के द्वितीय चरण में जनपद टिहरी गढ़वाल के चार विकासखण्डों – चंबा, कीर्तिनगर, देवप्रयाग एवं नरेंद्रनगर में सोमवार सुबह सभी 522 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक एवं समय पर मतदान प्रारंभ हो गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल के मार्गदर्शन में संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में प्रशासनिक सजगता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
मतदान प्रक्रिया के प्रारंभ होते ही ग्राम पंचायत छाती के बूथ पर वृद्धों एवं दिव्यांगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस बार ग्राम पंचायत छाती में प्राथमिक विद्यालय भवन में पहली बार बूथ निर्माण किया गया, जिससे ग्रामीणों को मतदान में सहजता हुई। पूर्व में केवल ग्राम कोठी तल्ली में मतदान केंद्र था, जहां सीमित स्थान के कारण मतदाताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस बार नए बूथ के निर्माण से ग्रामीणों, विशेषकर वृद्धों और दिव्यांगों ने प्रातःकाल से ही मतदान में भागीदारी दिखाई।
📍 निर्वाचन नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने आज जिला नियंत्रण कक्ष का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी मतदेय स्थलों से मतदान प्रक्रिया की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर सुबह मतदान शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ और बारिश को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी आयुष अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी मो. असलम, नोडल अधिकारी बृजेश भट्ट, एडीईओ विजय तिवारी, एडीईओ त्रिस्तरीय पंचायत अतुल भट्ट, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, डीटीडीओ एस.एस. राणा, तथा एडीएसटीओ धारा सिंह सहित प्रशासनिक टीम मौजूद रही।
📌 मुख्य बिंदु (Highlights):
- द्वितीय चरण के तहत 522 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक मतदान
- विकासखंड चंबा (134), देवप्रयाग (128), कीर्तिनगर (117), नरेंद्रनगर (143)
- छाती गांव में पहली बार बूथ निर्माण से वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को राहत
- जिला निर्वाचन कंट्रोल रूम से सतत निगरानी
- मौसम संबंधी सावधानियों के साथ सुरक्षा इंतजाम चाकचौबंद
- 12 बजे दोपहर तक कुल 28.06 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी टिहरी ने मतदान केंद्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (प.) टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को जनपद टिहरी के विकासखण्ड चम्बा क्षेत्रान्तर्गत के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ संख्या 95 –राजकीय प्राथमिक विद्यालय दिखौलगांव, मनियार, बूथ संख्या 97 –राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुल्डी, बूथ संख्या 105, 106, 107 –राजकीय प्राथमिक विद्यालय देवताधार, बूथ संख्या 29 –ग्राम पंचायत कोटिगाड़, बूथ संख्या 21 –प्राथमिक विद्यालय बगासुधार (उदयकोट), राजकीय जूनियर विद्यालय जुगड़गांव (तानगला) के मतदान केन्द्रों में मतदान प्रक्रिया की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण संचालित होना पाई गई। इस अवसर पर एसएसपी आयुष अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



