देवप्रयाग में बड़ा हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक महिला घायल, पांच लापता
टिहरी हादसा | देवप्रयाग के पास 300 मीटर गहरी खाई में गिरकर अलकनंदा नदी में समाई थार गाड़ी। एक महिला को बचाया गया, पांच की तलाश जारी। पुलिस व एसडीआरएफ द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
टिहरी जनपद के देवप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बादशाह होटल के पास एक थार गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिरकर सीधे अलकनंदा नदी में समा गई।
गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने एक घायल महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुड़की (जनपद हरिद्वार) निवासी अनीता (उम्र लगभग 55 वर्ष), पत्नी मदन सिंह, अपने परिवार के साथ धारी देवी मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं। रास्ते में यह भीषण दुर्घटना हो गई।
महिला के अनुसार, गाड़ी में दो बच्चे, दो महिलाएं और एक पुरुष और भी सवार थे, जो हादसे के बाद गाड़ी में ही फंसे रह गए।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है। थाना प्रभारी महिपाल रावत ने बताया कि गाड़ी से शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है तथा नदी में डूबे पांचों लोगों की तलाश अभी जारी है।

