धनोल्टी और सुरकंडा पार्किंग निर्माण में देरी पर सख्त हुईं DM नितिका खण्डेलवाल, एक माह में कार्य पूरा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी
धनोल्टी पार्किंग का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य तेज करने के दिए निर्देश, सुरकंडा देवी बहुस्तरीय पार्किंग की मात्र 20ः प्रगति पर जताई नाराजगीय ठेकेदार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
टिहरी गढ़वाल, 23 जून 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को तहसील धनोल्टी क्षेत्र में निर्माणाधीन धनोल्टी वाहन पार्किंग एवं मां सुरकंडा देवी मंदिर के निकट कद्दूखाल स्थित बहुस्तरीय पार्किंग परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी, तहसीलदार धनौल्टी तथा लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ के अधिकारी उपस्थित रहे।
धनौल्टी पार्किंग निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ के अधिशासी अभियंता ने बताया कि धनोल्टी वाहन पार्किंग का निर्माण श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय रुर्बन मिशन के अंतर्गत किया जा रहा है। परियोजना की स्वीकृत लागत 4.05 करोड़ रुपये तथा अनुबंधित लागत 3.76 करोड़ रुपये है। पार्किंग की कुल क्षमता 65 वाहनों की होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि फरवरी 2026 में आयोजित तहसील दिवस के दौरान स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने पार्किंग निर्माण कार्य में हो रही देरी की शिकायत की थी। इसी क्रम में कार्यों की प्रगति का पुनः निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में पाया गया कि पार्किंग संख्या-02 का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि पार्किंग संख्या-01 में भूतल का निर्माण कार्य पूरा होने के साथ प्रथम तल के लिए रैंप एवं रेलिंग निर्माण कार्य प्रगति पर है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को बताया कि समीप स्थित ईको पार्क में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के कारण पार्किंग सुविधा के अभाव में अक्सर सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुबंधित ठेकेदार द्वारा पहले ही कार्य में विलंब किया जा चुका है। यदि आगामी एक माह के भीतर पार्किंग निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि धनौल्टी उत्तराखण्ड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। पार्किंग निर्माण पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
सुरकंडा देवी पार्किंग की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
इसके बाद जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कद्दूखाल स्थित मां सुरकंडा देवी मंदिर के निकट निर्माणाधीन बहुस्तरीय वाहन पार्किंग परियोजना का निरीक्षण किया।
अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ ने बताया कि परियोजना की स्वीकृत लागत 8.34 करोड़ रुपये तथा अनुबंधित लागत 7.94 करोड़ रुपये है। पार्किंग की क्षमता 106 वाहनों की होगी और कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 14 नवम्बर 2026 तय की गई है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण स्थल पर केवल 12 श्रमिक कार्यरत हैं तथा परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 20 प्रतिशत ही है। निर्धारित समयसीमा की तुलना में यह प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई।
धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि संबंधित ठेकेदार से कार्य में हुई देरी के कारणों की विस्तृत आख्या प्राप्त की जाए तथा एक सप्ताह के भीतर आगामी छह माह की चरणबद्ध कार्ययोजना और मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, नियमित होगी मॉनिटरिंग
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कार्य में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को भी निर्देश दिए कि प्रत्येक 15 दिन में परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि मां सुरकंडा देवी मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में से एक है। पार्किंग सुविधा विकसित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को मजबूती मिलेगी। इसलिए परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाना आवश्यक है।
