SOS चिल्ड्रन विलेज बौराड़ी का जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया निरीक्षण
बच्चों के आवासीय भवन, किचन और बाथरूम में मिली स्वच्छता; सचिव ने बच्चों से अलग-अलग की बातचीत
नई टिहरी, 14 अगस्त 2026। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश नितिन शर्मा के निर्देशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी दयाराम ने शुक्रवार को बाल देखरेख संस्थान SOS चिल्ड्रन विलेज, बौराड़ी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संस्थान में बालक एवं बालिकाओं की देखभाल के लिए पृथक-पृथक आवासीय भवन की व्यवस्था है। कमरों के साथ ही किचन एवं बाथरूम भी साफ-सुथरे पाए गए। बच्चों के कपड़े, तौलिये आदि भी स्वच्छ स्थिति में मिले।
बच्चों को नियमित नाश्ता और भोजन की व्यवस्था
SOS चिल्ड्रन विलेज के प्रबंधक शशांक चतुर्वेदी ने निरीक्षण के दौरान बताया कि बच्चों को प्रतिदिन प्रातः नाश्ता कराया जाता है। सभी बच्चे नजदीकी शिशु मंदिर एवं सरस्वती विद्या मंदिर में शिक्षा ग्रहण करने जाते हैं। विद्यालय से लौटने के बाद बच्चों को दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
बच्चों के मनोरंजन एवं मानसिक विकास के लिए संस्थान में टीवी के साथ कैरम, लूडो, शतरंज आदि इनडोर गेम्स की भी व्यवस्था की गई है।
बच्चों से एकांत में की गई बातचीत
निरीक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम ने कुछ बच्चों से अलग-अलग एवं एकांत में बातचीत कर संस्थान में उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। बच्चों से किसी कर्मचारी, अधिकारी अथवा शिक्षक द्वारा दुर्व्यवहार, मारपीट या उत्पीड़न किए जाने के संबंध में पूछा गया।
बातचीत के दौरान बच्चों ने किसी भी कर्मचारी, अधिकारी अथवा शिक्षक द्वारा उनके साथ किसी प्रकार के दुर्व्यवहार किए जाने से इनकार किया।
निरीक्षण का उद्देश्य बाल देखरेख संस्थान में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता, शिक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना तथा उनके अधिकारों एवं हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां, SOS चिल्ड्रन विलेज बौराड़ी के निदेशक संतोष सिंह एवं प्रबंधक शशांक चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
