नकोट में पुलिस चौकी की मांग, जनप्रतिनिधियों ने उठाई विकास कार्यों की आवाज़
सुरक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पशु संरक्षण और स्वच्छता समेत कई मुद्दों पर जिलाधिकारी को सौंपा गया मांगपत्र
नकोट, टिहरी: टिहरी जनपद के मखलोगी प्रखंड के ग्रामीण कस्बा नकोट में पुलिस चौकी की स्थापना सहित अनेक समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल एवं थाना प्रभारी चंबा को मांगपत्र सौंपा है।
जनप्रतिनिधियों द्वारा हस्ताक्षरित इस मांगपत्र में उल्लेख किया गया है कि नकोट और आसपास के 30-40 गांवों की सुरक्षा पूर्व में राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र द्वारा की जाती थी, जो अब चंबा थाने के अधीन है। चूंकि चंबा थाना नकोट से 20–30 किलोमीटर दूर है, खासकर शाम के समय सड़क किनारे और जलस्रोतों के पास शराबियों और असामाजिक तत्वों की भीड़ जमा हो जाती है, जिससे महिलाओं में भय का माहौल बना रहता है।
मांगपत्र में कहा गया है कि क्षेत्र में बढ़ती अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम और बाहरी व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए नकोट में तत्काल पुलिस चौकी की स्थापना अत्यावश्यक है।
इसके साथ ही राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के भवन निर्माण में देरी, आवारा पशुओं द्वारा फसलों को नुकसान, जंगली जानवरों से ग्रामीणों को खतरा, आधुनिक शौचालय एवं स्नानागार, स्वास्थ्य केंद्रों में नियुक्तियां, बाजार में पार्किंग और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया है।
इस मांगपत्र पर जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र धनोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना धनोला, पूर्व सदस्य एवं भाजपा नेता मोर सिंह धनोला, ग्राम पंचायत प्रशासक विनीता मखलोगा, विनोद कुमार, व्यापार सभा अध्यक्ष कुलदीप मखलोगा, नरेंद्र धनोला समेत कई जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।
