नई सेवा नियमावली का विरोध: सहकारी समिति सचिवों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
टिहरी गढ़वाल के चंबा और नरेंद्रनगर तहसील में सचिवों और कर्मचारियों का प्रदर्शन, कहा—”नई नियमावली कर्मचारियों और किसानों दोनों के हितों के खिलाफ”
गजा, टिहरी गढ़वाल।
विकास खंड चंबा और नरेंद्रनगर तहसील की साधन सहकारी समितियों के सचिवों और कर्मचारियों ने राज्य सरकार द्वारा हाल ही में जारी सेवा नियमावली का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
कर्मचारियों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए उपजिलाधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि राज्य कैबिनेट द्वारा प्रस्तावित नई सेवा नियमावली को 2025 से लागू किया जाए, क्योंकि यह वर्तमान में कार्यरत सचिवों और कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है।
टिहरी तहसील में कार्यरत सचिव मोहनलाल कोठारी, संजय रमोला, अमर देव बैलवाल, चंडी प्रसाद बैलवाल, अश्वनी कुमार, विजय डबराल, मुकेश सिंह, दिनेश रमोला, मनोज सिंह, रणवीर सिंह चौहान, सुमति उनियाल, सुनील उनियाल समेत अन्य कर्मचारियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि सहकारी समितियां स्वायत्तशासी संस्थाएं हैं, जो किसानों की जरूरतें पूरी करती हैं।
उन्होंने कहा कि नई सेवा नियमावली से न केवल कर्मचारियों के हित प्रभावित होंगे बल्कि किसानों को भी नुकसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समितियों के लोकतांत्रिक स्वरूप को खत्म करने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कर्मचारियों ने यह भी बताया कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार आगामी रणनीति जल्द तैयार की जाएगी। इसी प्रकार का ज्ञापन नरेंद्रनगर तहसील में भी सौंपा गया।
